यूरिया खाद की 14 हजार बैग की खेप शनिवार को पहुंच गई। पुलिस के पहरे में खाद का वितरण किया गया। खाद लेने के लिए महिला किसान भी सुबह से ही लाइन में लग गए। जिला के लिए शुक्रवार को 14 हजार यूरिया के बैग की स्वीकृति मिली थी। सभी पैक्स समितियों व प्राइवेट विक्रेताओं को भी खाद भेजी गई है। अब तक जिला में 4228 मीट्रिक टन यूरिया खाद आई है जबकि सितंबर माह तक किसानों को 35 हजार मीट्रिक टन यूरिया की जरूरत है। सुबह से ही खाद लेने के लिए किसानों की लाइन जमीदारा सोसायटी कार्यालय के बाहर लग गई जबकि खाद से भरी गाड़ी पहुंची भी नहीं थी। किसान धूप में लाइन में खड़े रहे। करीब साढ़े 11 बजे खाद से भरा ट्रक पहुंचा तब वितरण का काम शुरू किया गया। भीड़ को देखते हुए पुलिस बुलानी पड़ी। इस दौरान पुरुषों के बराबर महिलाओं की भी लाइन लगी रही।