दादरी नगर परिषद द्वारा मंगलवार को पूरे लाव लश्कर के साथ स्थानीय कॉलेज रोड स्थित सरकारी जमीन पर बनीं झुग्गी-झोपड़ियों पर पीला पंजा चलाया गया। नगर परिषद द्वारा इस क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट विकसित की जानी हैं। इसके लिए इस जगह को खाली करवाना जरूरी था। अवैध कब्जों को हटवाने के लिए नगर परिषद की ओर से करीब दो सप्ताह पहले उपायुक्त को पत्र लिखकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात करने की मांग की गई थी। मंगलवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर पंचायतीराज विभाग के एसडीओ मनोज कुमार तैनात रहे। वहीं नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों व पुलिस बल की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर बनीं 100 से अधिक झुग्गियों को ढहाया गया। झुग्गियों में रहने वाले लोगों की ओर से प्रशासन से कुछ समय देने की मांग की गई। जिस पर अधिकारियों ने लोगों को बुधवार सुबह तक अपने स्तर पर सामान हटाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि बुधवार सुबह तक सामान नहीं हटाया गया तो नियमानुसार सामान को भी जब्त कर लिया जाएगा।