हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कई कांग्रेसी विधायकों की तरफ से क्रॉस वोटिंग के बाद पार्टी में खूब गहमागहमी का माहौल है। आखिरकार कांग्रेस ने रतिया के विधायक सरदार जरनैल सिंह को भी क्रास वोटिंग करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस थमा दिया है। जरनैल सिंह समेत पार्टी अब तक पांच विधायकों को नोटिस दे चुकी है। इनमें नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, सढौरा की विधायक रेणुबाला, पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल शामिल हैं। सभी को नोटिस मिलने पर सात दिन के भीतर जवाब देना होगा। हालांकि विधायकों ने क्रास वोटिंग के आरोपों को खारिज कर दिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा चुनाव के बाद से पांच विधायकों के क्रास वोटिंग करने की बात स्वीकार कर रहे थे। 18 मार्च को जब कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने नई दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस की तो उन्होंने चार विधायकों के नाम लिए और उन्हें नोटिस देने की बात कही। बीके हरिप्रसाद के इस बयान के बाद कांग्रेस के अंदर और मीडिया पर कांग्रेस आलाकमान पर सवाल उठने लगे थे। क्रास वोटिंग के आरोप से घिरे विधायकों ने भी आरोप लगाया कि इसमें पसंद व नापसंद का खेल खेला जा रहा है। जो पसंद है, उसे बचाया जा रहा है और जो पसंद नहीं है, उसे निपटाया जा रहा है।कांग्रेस के कई विधायक भी असमंजस में थे कि जब पांच विधायकों ने क्रास वोटिंग की तो चार को ही नोटिस क्यों दिया गया। इससे पार्टी पर दबाव बना और शुक्रवार को जरनैल सिंह को भी नोटिस दिया गया। जरनैल सिंह को भी नोटिस मिलने के अगले सात दिन के भीतर अपना जवाब देना होगा।