रोहतक में आईजी दफ्तर से सिर्फ 100 मीटर दूर सेक्टर-1 रोड पर सोमवार शाम बाइक सवार तीन शूटरों ने अंकित उर्फ बाबा गैंग के सोनीपत निवासी दिनेश उर्फ गोगा (24) की 30-35 गोलियां मारकर हत्या कर दी। गोगा के भाई ने अमेरिका में बैठे हिमांशु उर्फ भाऊ व उसके गुर्गों पर एफआईआर कराई है। इसी गैंग ने 2022 में गोगा के मामा हंसराज उर्फ हंसे की भी हत्या की थी।सोमवार शाम हुई इस वारदात से पूरा शहर थर्रा उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोनीपत के निजामपुर माजरा का रहने वाला दिनेश उर्फ गोगा अपने एक साथी के साथ नोबल हॉर्ट अस्पताल के सामने कार के पास ही खड़े होकर कोल्ड ड्रिंक पी रहा था। उसी दौरान सेक्टर-एक के ताऊ देवीलाल पार्क की तरफ से बाइक सवार तीन युवक आए। एक युवक बाइक पर चालू किए खड़ा रहा, दो ने उतरते ही गोगा पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोगा का साथी जान बचाकर भाग निकला। करीब 45 सेकंड में गोगा पर 35-40 गोलियां मारी गईं।गोगा के शरीर में 30-35 गोलियों के लगने के निशान हैं। मौके पर लहूलुहान होकर गिरे गोगा को कुछ लोग निजी अस्पताल की एंबुलेंस से पीजीआई लेकर पहुंचे। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं।गोगा के निजामपुरा निवासी भाई नितेश ने भाऊ व उसके गैंग के लोगों पर अर्बन स्टेट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। कहा है, गोगा की रिटौली निवासी बाबा के भाई सन्नी रिटौलिया से दोस्ती थी। इसी रंजिश के कारण भाऊ ने गैंग के लोगों से हत्या कराई है। उस वक्त वह घूमने के लिए दिल्ली बाईपास गया था।