बीते नौ दिनों से सियासी गुरों के साथ-साथ अनुशासन का पाठ सीख रहे कांग्रेस जिलाध्यक्षों का राहुल गांधी के समक्ष दर्द छलक उठा। राहुल गांधी जब उन्हें पार्टी संगठन को मजबूत बनाने व धरातल पर कार्य करते हुए कार्यकर्ताओं को मजबूती से जोड़ने का गुरुमंत्र दे रहे थे तो जिलाध्यक्षों ने पार्टी संगठन में खींचतान से लेकर नेताओं की मनमानी की भी खूब पोल खोली। हिसार के जिलाध्यक्ष ब्रिजलाल बहबलपुरिया सहित कई अन्य जिलाध्यक्षों ने कहा कि नेता इस तरह मनमानी करते हैं कि कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह में शामिल तक नहीं होते जिससे कार्यकर्ताओं में गलत संदेश जा रहा है। जब नेता ही ऐसा करेंगे तो पार्टी संगठन कैसे मजबूत हो सकता है और अनुशासन भी संभव नहीं। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। कार्यकर्ता से लेकर पार्टी नेता को अनुशासन में रहते हुए संगठन को मजबूती देनी होगी। राहुल गांधी ने कहा कि हर जिलाध्यक्ष को मजबूती से काम करना होगा और यह काम धरातल से ही शुरू करें। राहुल गांधी पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ हरियाणा व उत्तराखंड के जिलाध्यक्षों को ताइक्वांडो के भी गुर दे गए। जहां करीब ढाई घंटे तक उन्होंने एक-एक कर सियासी कदमों, पार्टी की नीतियों, लक्ष्यों से लेकर वर्तमान मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की, वहीं करीब एक घंटे तक जिलाध्यक्षों को ताइक्वांडो के भी दांव पेंच सिखाए। राहुल गांधी से इतनी करीब से मुलाकात कर हरियाणा व पंजाब के जिलाध्यक्ष गदगद हो उठे। पिछले नौ दिनों से बंद हॉल में खास कक्षा लगा रहे जिलाध्यक्ष राहुल गांधी से मिलकर उत्साह से लबरेज दिखाई दिए। कई जिलाध्यक्षों की राहुल गांधी से सीधी मुलाकात की मुराद पूरी हुई और कई उनसे संवाद कर खिल उठे।