दीपावली के बाद हरियाणा की हवा फिर जहरीली हो गई है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार पहुंच गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। बहादुरगढ़ में एक्यूआई 358, बल्लभगढ़ में 293, भिवानी में 307, चरखी दादरी में 303, गुरुग्राम में 344, रोहतक में 343, जींद में 350 और नारनौल में 367 दर्ज किया गया। दिल्ली में भी हवा बेहद खराब रही, जहां एक्यूआई 352 रहा, जबकि हरियाणा सीमा से लगे धारूहेड़ा (377) और मानेसर (316) में सांस लेना और कठिन हो गया। पीजीआई सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रो. रविंद्र खैवाल का कहना है कि दीपावली के दौरान सरकार द्वारा केवल ग्रीन पटाखों की अनुमति देने का फैसला प्रभावी साबित नहीं हुआ। सीमित समय में भी बड़े पैमाने पर आतिशबाजी हुई, जिससे रातभर धुआं और धूल का गुबार छाया रहा। इसके साथ ही पराली जलाने की घटनाएं, निर्माण कार्यों से उठती धूल और वाहनों के धुएं ने मिलकर प्रदूषण का स्तर और बढ़ा दिया।