थाना बवानीखेड़ा पुलिस ने पेट्रोल पंप से इन्वर्टर बैटरियां चोरी करने के मामले में दो आरोपी राहुल व सोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल गांव घोघरिया, उचाना, जिला जींद व सोनू गांव ढाणी संचला, थाना भुना, जिला फतेहाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। हांसी निवासी नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव सिकंदरपुर (हांसी–भिवानी रोड) स्थित एक पेट्रोल पंप पर मैनेजर के रूप में कार्यरत है। 7 जनवरी को सुबह जब वह पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो वहां बिजली नहीं थी। जांच करने पर पाया कि इलेक्ट्रिक रूम के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था तथा अंदर रखी हुई 10 बैटरियां अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थीं। शनिवार को थाना बवानीखेड़ा के जांच अधिकारी प्रवीण कुमार ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से पेट्रोल पंप से चोरी की गई 10 बैटरियां बरामद की गई हैं। इसके अतिरिक्त चोरी की वारदात में प्रयोग की गई एक वेगनआर गाड़ी भी बरामद हुई है। आरोपी राहुल व सोनू कबाड़ की दुकान पर कार्य करते हैं तथा इनके खिलाफ पहले भी चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं।