कस्बे में इनदिनों बेसहारा पशुओं की बढ़ती संख्या आमजन और वाहन चालकों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। मुख्य सड़कों, बाजारों और चौराहों पर बड़ी संख्या में घूम रहे बेसहारा पशु दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। कस्बे के रेलवे रोड, परशुराम चौक,अनाज मंडी क्षेत्र, बस स्टैंड के आसपास तथा मुख्य बाजार में दिनभर गाय, नंदी खुलेआम घूमते रहते हैं। कई बार ये पशु अचानक सड़क के बीच आ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। खासकर रात के समय सड़क पर बैठे पशु वाहन चालकों के लिए और भी ज्यादा खतरा पैदा कर देते हैं। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि कई बार पशुओं के आपस में लड़ने के कारण भी लोग घायल हो चुके हैं। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी इन पशुओं के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।