बारिश के दौरान एक तरफ जहां नई सड़कों की हालत खराब हो रही हैं वहीं सड़क के बीचोंबीच बने सीवर मैनहोल के ढक्कन भी टूट रहे हैं। भिवानी-तोशाम मुख्य मार्ग पर बीटीएम पुलिस चौकी के सामने सड़क के बीच सीवरमैनहोल का ढक्कन टूट गया है। वाहन चालकों के साथ किसी तरह का हादसा न हो इसलिए आसपास के लोगों ने सीवरमैनहोल पर झाड़ी लगा दी है। लेकिन रात के समय यहां स्ट्रीट लाइट का प्रबंध नहीं है ऐसे में वाहनों के हादसे का डर भी बना है। स्थानीय निवासी महीपाल, देवेंद्र, कर्मपाल, सुक्रम ने बताया कि भिवानी-तोशाम मुख्य मार्ग पर रोजाना ही भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सीवर मैनहोल का ढक्कन बारिश के बाद टूट गया है। ये गहरी सीवर लाइन है। अगर गलती से भी कोई दुपहिया वाहन इसके ऊपर से गुजरा तो चालक चोटिल हो सकता है। हादसों से बचाव के लिए ही सीवरमैनहोल में झाड़ी लगाई गई है ताकि वाहन चालक दूर से ही इसे देखकर सचेत हो सके। संवाद