लोहारू में जोधपुर से दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार रात्रि करीब 9:30 बजे सतनाली से लोहारू की तरफ रेलवे ट्रैक पर हुआ। सूचना मिलने पर लोहारू जीआरपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक 33 वर्षीय प्रवेश गांव बेरला जिला चरखी दादरी का रहने वाला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लोहारू के उप नागरिक अस्पताल इतेफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्ट मार्टम करवाया है। दरअसल, मृतक प्रवेश रेलवे विभाग में एक ठेकेदार के पास काम करता था और काफी समय से रेलवे से संबंधित कार्यों में लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसकी करीब चार वर्ष पहले शादी हुई थी। परिवार में वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। घटना के बाद जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और आवश्यक जांच पड़ताल की। मामले में मृतक के चचेरे भाई संजय और राजेश के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच अधिकारी एवं जीआरपी चौकी इंचार्ज ने बताया कि मामले में इतेफाकिया कार्रवाई की गई है।