भिवानी। हरियाणा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वीरवार को लोहारू शहर में व्यापक स्तर पर नशा विरोधी जागरूकता एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व लोहारू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण ने किया। उनके साथ भिवानी पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर चांद, डॉग स्क्वायड के प्रशिक्षित श्वान बिंटू तथा पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सबसे पहले लोहारू की सब्जी मंडी क्षेत्र में पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। इसके बाद पिलानी रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र, लोको कॉलोनी तथा रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वायड की सहायता से विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध वस्तुओं एवं व्यक्तियों की गहन जांच की गई ताकि किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ की तस्करी या अवैध गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस टीम ने कई घरों, कमरों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों की भी बारीकी से तलाशी ली तथा वहां रखे सामान की गहन जांच की, जिससे किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ या आपत्तिजनक सामग्री की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।