लोहारू क्षेत्र में सतनाली रोड पर गांव फरटिया के नजदीक शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार गांव बवानी खेड़ा निवासी विकास, जो वर्तमान में गांव ढाणी ढोला में अपने परिवार के साथ रह रहा था, मोटरसाइकिल पर सवार होकर भिवानी स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। उसकी पत्नी इन दिनों भिवानी के एक अस्पताल में भर्ती थी, जिससे मिलने के लिए वह रात के समय निकला था। जैसे ही वह फरटिया गांव के समीप पहुंचा, सड़क पर लकड़ियों से भरी एक पिकअप गाड़ी खड़ी मिली, जो अंधेरे में दिखाई नहीं दी। अचानक सामने आई इस पिकअप से उसकी मोटरसाइकिल जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकास सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लोहारू थाना के उप-निरीक्षक सज्जन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक सड़क के बीचों-बीच मृत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने काफी प्रयासों के बाद मृतक के परिजनों से संपर्क किया और देर रात तक घटनास्थल पर जांच जारी रही। बताया जा रहा है कि विकास बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में माता-पिता, एक बहन, पत्नी और दो छोटे-छोटे बेटे हैं। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने मृतक के पिता महेंद्र सिंह के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है। वहीं हादसे में शामिल पिकअप गाड़ी को भी कब्जे में लेकर पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है।