लगातार हो रही बारिश से तोशाम क्षेत्र का गांव सांगवान डूब गया है। ड्रेन टूटने की वजह से पानी की निकासी भी ठप है। बीमार पशुओं का इलाज कराने के लिए भी ग्रामीण चार फीट पानी को पार कर पशु अस्पताल पहुंच रहे हैं। हालांकि पशु अस्पताल भी पानी में डूबा हुआ है। घरों के अंदर भी चार फीट पानी जमा हो गया है। करीब 25 से अधिक परिवार तो पहले ही गांव से अपने मवेशियों के साथ पलायन कर चुके हैं, जबकि कई परिवार अब तोशाम में किराये पर मकान तलाश रहे हैं। गांव की आबादी में इतना पानी है कि कुछ इलाके तो सुनसान हो चुके हैं, जहां सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व सरकार से गांव में बरसाती पानी निकासी की गुहार लगाई है। जबकि खेतों में किसानों की फसल जलभराव की वजह से पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है।