मिड-डे-मील कार्यकर्ता यूनियन ने आज अपनी मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन किया और उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा। इससे पहले मिड डे मील कार्यकर्ता स्थानीय नेहरू पार्क में एकत्रित हुई। वहां हुई सभा को संबोधित करते हुए यूनियन की जिला सचिव राजबाला ने कहा कि मिड-डे-मील कार्यकर्ता गरीब महिलाएं हैं। बहुत-सी बहने विधवा भी है। सरकारी स्कूलों में मिड-डे-मील कुक का काम करती है, लेकिन फिर भी सरकार इन्हें अपनी कर्मचारी की मान्यता नहीं देती है। इन्हें 7 हजार रुपये महीना के हिसाब से बहुत ही मामूली सा मानदेय, वह भी साल में 12 महीने की बजाय सिर्फ 10 महीने का ही मिलता है। इस महंगाई के जमाने में अगर यह मामूली-सा मानदेय भी हर महीने नहीं मिले तो गरीबी में घर का खर्च चलाना कठिन ही नहीं, बल्कि असंभव है।