लोहारू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह अपने कर्तव्यों के साथ-साथ सामाजिक जीवन का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। अगस्त 2025 में रोहतक से स्थानांतरण होकर लोहारू थाना प्रभारी का कार्यभार संभालने के बाद से उन्होंने न केवल कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि थाना परिसर को भी एक हरा-भरा और स्वच्छ वातावरण में बदल दिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने अपने नेतृत्व में थाना परिसर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया। बंजर पड़ी जमीन को समतल करवाकर वहां पर विभिन्न प्रकार की सब्जियां तथा छायादार और फलदार पेड़-पौधे लगाए गए। आज वही स्थान हरियाली से आच्छादित है और थाना परिसर में प्रवेश करते ही स्वच्छता व प्राकृतिक सौंदर्य का एहसास होता है। उनकी इस पहल से थाना परिसर का वातावरण सकारात्मक और प्रेरणादायक बन गया है। जो भी फरियादी या आगंतुक थाने में आता है, वह इस हरियाली और सुसज्जित परिसर को देखकर अलग ही अनुभव करता है। विशेष रूप से सब्जियों की खेती वाली जगह को देखने लोग अवश्य जाते हैं और थाना प्रभारी की इस सोच की सराहना करते हैं। इंस्पेक्टर जरनैल सिंह का मानना है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करने और सकारात्मक संदेश देने की भी जिम्मेदारी निभाती है। उन्होंने अपने कार्य से यह साबित किया है कि यदि इच्छाशक्ति हो तो सरकारी परिसर भी पर्यावरण संरक्षण और स्वावलंबन का उदाहरण बन सकते हैं।