पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पेंशन बहाली संघर्ष समिति ने लोहारू से विधायक राजबीर फरटिया के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया और एक स्वर में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को पुनः लागू करने की मांग उठाई। संघर्ष समिति के जिला प्रधान नरेश मेहता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि नई पेंशन योजना (एनपीएस) कर्मचारियों के हितों के प्रतिकूल है और सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती। उन्होंने केंद्र सरकार से शीघ्र निर्णय लेते हुए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की। वहीं, विधायक राजबीर फरटिया ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए संघर्ष समिति को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांग को विधानसभा में उठाया जाएगा तथा मुख्यमंत्री से मिलकर इस विषय पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।