फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा भिवानी के दो परीक्षा केंद्रों को घोषित किया गया है संवेदनशील

जिले भर में बुधवार को 74 परीक्षा केंद्रों पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा आरंभ हो चुकी है। पहले दिन जिले में कक्षा बारहवीं के 14 हजार 250 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं, परीक्षा को लेकर शिक्षा बोर्ड द्वारा जिले के दो परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। दरअसल, बुधवार से आरंभ होने वाली हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन की परीक्षा केंद्रों पर पैनी निगाहें बनी हुई है। परीक्षाओं की शुचिता, विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू कर दी गई है। परीक्षा केंद्रों के निकट फोटोस्टेट की दुकानें व कोचिंग सेंटर भी बंद रहेंगे। बोर्ड द्वारा प्रश्र पत्रों पर अल्फा न्यूमेरिक कोड, क्यू आर कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर भी अंकित किए गए हैं। इससे यदि कोई परीक्षार्थी, पर्यवेक्षक, कर्मचारी व अन्य कोई व्यक्ति प्रश्र पत्र की फोटो लेता है तो तुरंत पता लग जाएगा कि प्रश्र पत्र किस परीक्षार्थी का है एवं कहां से आउट हुआ है, जिससे परीक्षाओं के दौरान होने वाली किसी भी प्रकार की अनियमितताओं पर लगाम लगाई जा सकेगी। यदि किसी परीक्षा केंद्र से पेपर आउट होने का मामला पाया जाता है, तो उस केंद्र के अधीक्षक, पर्यवेक्षक व नकल में संलिप्त परीक्षार्थी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे। यह कदम पेपर लीक की संभावना को समाप्त करने और परीक्षा में पारदर्शिता लाने के लिए उठाया गया है। वहीं, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जिले के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल रतेरा व राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल देवराला द्वितीय के नए भवन को संवेदनशील घोषित किया गया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें