लोहारू स्थित चौधरी बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय लोहारू में कंचन आई केयर पॉइंट के संचालक रिंकू जांगिड़ द्वारा निशुल्क आंखों की जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोहारू उप नागरिक अस्पताल के आई स्पेशलिस्ट डॉक्टर कुलबीर द्वारा विद्यार्थियों, कॉलेज स्टाफ एवं क्षेत्रवासियों की आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं कॉलेज स्टाफ ने अपनी आंखों की जांच करवाई और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्य डॉक्टर मुकेश चहल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के समय में आंखों की देखभाल अत्यंत आवश्यक हो गई है, क्योंकि मोबाइल, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरणों का अत्यधिक उपयोग लोगों की दृष्टि पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय-समय पर आंखों की जांच करवाने, मोबाइल का सीमित उपयोग करने तथा आंखों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।