हरियाणा के सात जिलों की 48 नहरों का 315 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण होगा तथा इन नहरों की क्षमता बढ़ाने के साथ ही इनकी रिमॉडलिंग की जाएगी। यह बात सिंचाई एवं महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने तोशाम कस्बे में विभिन्न जल, सीवरेज व भवन निर्माण योजनाओं के आधारशिला व उद्घाटन अवसर पर कही। उन्होंने 22 करोड़ की लागत से बनने वाली बूस्टिंग स्टेशन, कैनाल बेस वाटर डिस्ट्रीब्यूटरी तथा बरसाती पानी प्रबंधन प्रोजेक्ट व बीपीएल कॉलोनी के आधारशिला रखते हुए उन्होंने कहा कि इन प्रोजेक्ट के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों के लिए पीने के पानी व सीवरेज की बेहतर व्यवस्था हो सकेंगी। सिंचाई मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। पहले यह योजना 100 दिन की थी तथा इसमें सीमित मजदूरी कार्यों को शामिल किया गया था। इस योजना के तहत 125 दिन का रोजगार तथा मजदूरी कार्यों के प्रकार भी बढ़ाए गए है। उन्होंने कांग्रेस सहित विभिन्न विपक्षी दलों को जी राम जी योजना की आलोचना किए जाने पर आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महात्मा गांधी फादर ऑफ नेशन है। वे उन्हें नमन करती है। यह किसी योजना का नाम बदलना नहीं, योजना को विस्तार करने की प्रक्रिया है। कांग्रेस जी राम जी योजना को लेकर नाम बदलने का आरोप, संविधान बदलने व वोट चोरी जैसे अनर्गल आरोप लगाती है। कांग्रेस की यह विचारधारा उन्हें और भी गर्त में ले जाएगी। सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने केंद्रीय जल शक्ति संसाधन मंत्रालय की हालही में पानी की गुणवत्ता को लेकर लाई गई रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पर्यावरण दूषित होने के चलते प्रदेश के 157 खंडों में से लगभग 88 खंड डार्क जोन में चले गए है। इस पर कार्य करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में इस कार्य को दुरूस्त किया जाएगा।