सिविल सर्जन डॉ रघुवीर शांडिल्य ने सोमवार रात्रि करीब साढ़े दस बजे बीरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) व सब डिविजनल अस्पताल (एसडीएच) तोशाम में अचानक दस्तक दी। औचक निरीक्षण के दौरान सीएमओ को बीरण पीएचसी बंद मिली। वहीं तोशाम एसडीएच में कुछ स्टाफ गैर हाजिर मिला। इसके साथ ही अस्पताल में मौजूद स्टाफ बिना ड्रेस में मिला। अस्पताल में मौजूद रात्रि कर्मचारी वार्ड सर्वेंट, सुरक्षा गार्ड, ईएमटी और सुपरवाइजर सभी एक कमरे में बैठकर गपशप करते मिले। डायग्नोस्टिक सेवा बंद मिली। सीएमओ ने ड्यूटी के समय लापरवाह मिले कर्मचारियों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बता दें कि सोमवार रात्रि साढ़े दस बजे सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बीरण पीएचसी व तोशाम एसडीएच का औचक निरीक्षण किया। सिविल सर्जन को निरीक्षण के दौरान बीरण पीएचसी बंद मिली। पीएचसी के बाहर बोर्ड पर इमरजेंसी के समय प्रयोग किए जाने वाला किसी प्रकार का संपर्क सूत्र भी अंकित नहीं मिला। इस दौरान सीएमओ ने पीएचसी प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद सीएमओ ने बंद मिली पीएचसी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। वहीं सीएमओ ने तोशाम एसडीएच का भी औचक निरीक्षण किया। लेकिन निरीक्षण के दौरान तोशाम एसडीएच में भी कुछ स्टाफ गैर हाजिर मिला। वहीं अस्पताल में मौजूद स्टाफ बिना ड्रेस के मिला। इसके साथ ही रात्रि कर्मचारी वार्ड सर्वेंट, सुरक्षा गार्ड, ईएमटी व सुपरवाइजर सभी एक कमरे में बैठकर गपशप करते मिलें। एंबुलेंस ड्राइवर व इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन भी बिना ड्रेस में मिलें। डायग्नोस्टिक सेवा बंद मिली। लैब रूम में मौजूद कर्मचारियों से जब बाकी कर्मचारियों के बारे में पूछा गया तो उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। सीएमओ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्यूटी के प्रति लापरवाह मिले कर्मचारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया। वहीं बिना ड्रेस में मिले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए एसएमओ तोशाम को आदेश दिए।