गांव दिनोद के परमजीत समोता के मुक्के की धमक पूरे विश्व में सुनाई दे चुकी है। वहीं गांव की बेटी अरुणा तंवर ने पैरा ओलंपिक व पैरा एशियन खेलों तक का जीत का शानदार सफर तय कर गांव का नाम चमकाया है। गांव के एशियन मेडलिस्ट कोच राजेश आर्मी, एयरफोर्स और नैवी में अपना सर्विस रिकॉर्ड बना चुके हैं। वहीं गांव का बेटा अमित ताखर नौ सेना में बतौर लेफ्टीनेंट कमांडर देश सेवा कर रहा है। गांव ने महान स्वतंत्रता सेनानियों के साथ वीर सैनिक दिए हैं वहीं खेलों के प्रति गांव के युवाओं का जूनुन और जज्बा भी देखते ही बनता है। गांव दिनोद में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता बनने के बाद उनके नाम से खेल स्टेडियम का निर्माण भी हुआ हैं, जहां युवा भविष्य के खेल लक्ष्य को पाने की तैयारी कर रहे हैं। गांव के नरेंद्र दिनोद लंबे समय से कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष में अग्रणी पंक्ति में खड़े होकर आवाज बुलंद करते आ रहे हैं। गांव दिनोद में करीब छह से आठ एकड़ भूमि पर वर्ष 2013-14 में खेल स्टेडियम का निर्माण हुआ है। ये स्टेडियम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता परमजीत समोता के नाम से विख्यात है। खेल स्टेडियम में नियमित रूप से गांव व आसपास क्षेत्र के करीब 40 से 50 खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। गांव में इंटरनेशनल बाबा खेल अकादमी है, जिसके अंदर राष्ट्रीय स्तर के एथलीट तैयार किए जा रहे हैं। वहीं खेल सुविधाओं की बात करें तो फिलहाल यहां खेल प्रतिभाओं के मुकाबले ज्यादा खेल सुविधाएं नहीं हैं। खेल स्टेडियम में एथलीट रेस ट्रैक तैयार हो रहा है। जहां स्टेडियम निर्माण के दौरान तैयार किया गया बहुउद्देश्यीय हाल भी अब जर्जर हालत में है। खिलाड़ियों के लिए पानी की टंकी तो बनी हैं, मगर टोटी नहीं हैं। गांव दिनोद की दिव्यांग खिलाड़ी अरूणा तंवर एक साधारण परिवार से उठकर पैरा ओलंपिक व पैरा एशियन खेलों तक का सफर तय कर चुकी है। अरूणा तंवर की उपलब्धियों की बात करें तो 2017-18 में पांचवें राष्ट्रीय पैरा ओलंपिक ताईक्वांडो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल, 2018-19 में छठे राष्ट्रीय पैरा ओलंपिक ताईक्ववांडो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल, 2018 में वियतनाम में हुई चौथे एशियन पैरा ओलंपिक ताईक्वांडो प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल, फरवरी 2019 में टर्की में आयोजित विश्व पैरा ताईक्वांडो चैंपियनशिप में ब्रांज मेडल, मार्च 2019 में ईरान में हुई प्रेजीडेंट एशियन रीजन जी-टू कप में सिल्वर मेडल, 2019 में ही जॉर्डन में हुई अमान एशियन पैरा ताईक्वांडो चैंपियनशिप में ब्रांज मेडल शामिल है। इसी तरह 2023 में एशियन गेम्स के बाद पैरा एशियन गेम्स में अरुणा तंवर ने ताईक्वांडो में कांस्य पदक जीता है।