भिवानी में धनतेरस पर शहर के बाजारों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। मंगलवार को शहर में करीब 200 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ। शहर के भीड़ भरे बाजारों में पैदल चलने वालों की भी अच्छी खासी भीड़ जुटी, जबकि वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहा। रेहड़ी लगाने वालों को भी पुलिस ने बाजार से बाहर खदेड़ दिया। वहीं शहर के मुख्य बाजारों में दूरबीन से मचान पर बैठकर सुरक्षा प्रहरियों ने पैनी नजर रखी। वहीं पुलिस रायडर व पीसीआर गाड़ियों ने भी लगातार गश्त की। शहर के मुख्य बाजारों में आने वाले लोगों के वाहनों की वजह से सरकुलर रोड पर भी दिनभर लंबा जाम लगा। वाहन चालक सरकुलर रोड के जाम में फंसे रहे और रेंगते हुए आगे बढ़े। शहर के सर्राफा बाजार, कपड़ा बाजार, बर्तन बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार, ऑटोमोबाइल बाजार में ग्राहकों की भी खूब भीड़ जुटी।