भिवानी कोर्ट में बार-बार फायरिंग और बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अब कोर्ट की अभेद्य सुरक्षा की जाएगी। ये फैसला पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के जज के निर्देश पर लिया गया है। गत तीन फरवरी को भिवानी कोर्ट में हिस्ट्रीशीटर की पेशी पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी। गनीमत रही कि पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डाल कर 8 बदमाशों को काबू किया। इस दौरान दो जगह मुठभेड़ भी हुईं थी। इससे पहले गणतंत्र दिवस के ठीक पहले 22 जनवरी को भिवानी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। भिवानी एसपी सुमित कुमार ने बताया कि शनिवार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के जज संदीप मुदगिल ने भिवानी कोर्ट की हर लिहाज से सुरक्षा बढ़ाने को लेकर मंथन किया। एसपी ने बताया कि कोर्ट सहित पूरे लघु सचिवालय की सुरक्षा जल्द से जल्द बढ़ाई जाएगी। इसको लेकर पूरे लघु सचिवालय की दीवारों को उंचा किया जाएगा। जरूर के मुताबिक सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। एसपी ने कहा कि कोई बदमाश यहां किसी घटना को अंजाम देने की सोच भी ना सके, ऐसा फूल प्रूफ सिक्योरिटी सिस्टम होगा।