संवाद न्यूज एजेंसी भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा ( एचटेट) परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल विहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को भिवानी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी। डीएसपी क्राइम अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने शहर के संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। विशेष अभियान में प्रबंधक थाना शहर भिवानी, सिविल लाइन भिवानी, सदर भिवानी, थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी और सीआईए स्टाफ की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। पुलिस बल रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के विभिन्न होटलों व धर्मशालाओं में पहुंचकर सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान होटलों में ठहरे संदिग्ध लोगों के पहचान पत्रों की जांच की गई और वहां के रिकॉर्ड खंगाले गए। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले संदिग्धों से पूछताछ की गई। डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या पेपर लीक व नकल माफिया के प्रयासों को पहले ही नाकाम करना है। पुलिस ने साफ किया कि सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं शनिवार और रविवार को एचटेट परीक्षा संचालन के दौरान जिले भर में 500 पुलिस कर्मचारी और अधिकारी तैनात रहेंगे और किसी भी तरह के संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होगी। संवाद