साहा-कालपी मार्ग पर शनिवार सुबह एक ट्रक और पिकअप गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप समीप हुआ, जिसमें दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि इस भीषण दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, हालांकि दोनों वाहनों के चालक घायल हुए हैं। आमने-सामने की टक्कर से मचा हड़कंप जानकारी के अनुसार, आज सुबह एक ट्रक साहा की ओर से यमुनानगर की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रक भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक पिकअप गाड़ी के साथ उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। सूचना मिलते ही साहा पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। साहा थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। उन्होंने कहा, हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेज दी गई थी। दोनों घायल चालकों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। आगामी कार्रवाई जारी पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।