चर्चित जग्गी बिल्डर से जुड़ा जमीन धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। अंबाला कैंट निवासी इंद्रजीत सिंह ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज के जनता दरबार में पेश होकर बिल्डर के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि बिल्डर ने पूरी रकम वसूलने के बावजूद न तो उन्हें जमीन पर कब्जा दिया और न ही रजिस्ट्री करवाई। जनता दरबार में अपनी फरियाद सुनाते हुए इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने कुछ वर्ष पहले जग्गी बिल्डर से एक प्लॉट खरीदा था। तय सौदे के अनुसार उन्होंने बिल्डर को जमीन की पूरी कीमत अदा कर दी थी। पीड़ित के मुताबिक, पैसे लेने के बाद से ही बिल्डर लगातार टालमटोल कर रहा है। कई बार चक्कर काटने और गुहार लगाने के बाद भी न तो प्लॉट की निशानदेही कर कब्जा सौंपा गया और न ही राजस्व रिकॉर्ड में जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। इससे परेशान होकर उन्हें न्याय के लिए मंत्री के दरबार में आना पड़ा। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस अधिकारियों को बिल्डर पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।