अंबाला छावनी के रैना ऑडिटोरियम में शुक्रवार को 'संस्कृति 2024' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर के 10 केंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों से आए छात्रों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंबाला केंटोनमेंट बोर्ड द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विविध भारतीय संस्कृतियों को एक मंच पर प्रस्तुत करना और विद्यार्थियों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विभिन्न प्रदेशों की परंपराओं को नृत्य, संगीत, और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। इनमें पंजाब के गिद्दा और भांगड़ा, महाराष्ट्र के लावणी नृत्य, राजस्थान के कालबेलिया नृत्य, और दक्षिण भारत के भरतनाट्यम जैसे प्रदर्शन मुख्य आकर्षण रहे।