हरियाणा सरकार के प्रधान सचिव विजय दहिया ने बुधवार को अनाज मंडी का निरीक्षण किया। रबी सीजन के तहत गेहूं खरीद की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। मंडी पहुंचने पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर व एसडीएम दर्शन कुमार ने उनका स्वागत किया। समीक्षा बैठक के दौरान प्रधान सचिव ने बताया कि इस बार मंडियों की जियो फेंसिंग की गई है। किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर तीन नोमिनी के नाम दर्ज करने होंगे। गेट पास उन्हीं के नाम पर कटेंगे और मौके पर बायोमेट्रिक हाजिरी व फोटो ली जाएगी। इससे बाहरी राज्यों से आने वाली फसल की अवैध आवक पर रोक लगेगी। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट जरूरी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट जरूर लगवाएं। यदि प्लेट नहीं है, तो पेंट या कागज पर नंबर लिखकर वाहन पर चिपकाएं, क्योंकि पोर्टल पर वाहन नंबर अंकित करना अनिवार्य है। डीएफएससी निशांत राठी ने बताया कि जिले की 15 मंडियों के लिए 42 बायोमेट्रिक मशीनें तैनात की गई हैं।