अंबाला साहा राजमार्ग के हालात काफी खराब हैं। खासकर साहा चौक से लेकर एनएच 344 के फ्लाईओवर तक लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। यहां गड्ढे तो पहले से ही थे, मगर बारिश के बाद गड्ढों का आकार काफी बड़ा हो गया है। इसके साथ ही यहां लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। अब राजमार्ग पर गड्ढों काे लेकर राजनीति शुरू हो गई है। इस मामले में कुछ दिन पहले ही मुलाना हलके से कांग्रेस की विधायक पूजा चौधरी ने प्रशासन से गड्ढे भरवाने के लिए मांग की थी। इसके बावजूद पूरे राजमार्ग की हालत खराब है। ऐसे में बुधवार सुबह विधायक पूजा चौधरी खुद ट्राली में बजरी लेकर गड्ढों को भरने के लिए पहुंच गईं और कांग्रेसीजनों के साथ गड्ढे भरने लगीं। सरकार पर साधा निशाना विधायक ने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश की सभी सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण का दावा करती है, मगर दावे खोखले साबित हो रहे हैं। मुलाना हलके की सड़कों का बहुत बुरा हाल है। सड़कों को मरम्मत की जरूरत है। यह पता ही नहीं चल रहा कि सड़कों पर गड्ढे हैं या गड्ढे में सड़क। इन पर दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सड़कों की हालत की बात विधानसभा में उठाई है। हमने साहा राजमार्ग पर बजरी रोड़ी से गड्ढों की भरत की है। जो काम सरकार का है वह जनता को करना पड़ रहा है। समय से पहले ही सरकार को कहा गया था कि बारिश का मौसम आने वाला है इस पर कदम उठाने चाहिए। सीएम को दिया था निमंत्रण विधायक पूजा चौधरी ने बताया कि विधानसभा में चर्चा के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी को मैंने निमंत्रण दिया था कि एक बार मुलाना विधानसभा क्षेत्र का दौरा करके देखें कि वहां क्या हालात हैं। बेगना नदी का पानी कई गांवों में घुस गया। गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ से प्रभावित गांवों की सूची भी सरकार काे दी गई है। बांध को ऊंचा करने को कहा गया है।