रामबाग रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर के निकट खाली प्लॉट में खड़ी कारों के शनिवार शीशे तोड़कर शरारती तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ बदमाशों ने खड़ी पांच कारों को निशाना बनाते हुए न केवल उनके शीशे तोड़े, बल्कि एक कार का टायर चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि यह पार्किंग चौकी नंबर 3 से सटी हुई है। पुलिस मुलाजिमों को कानोंकान भनक तक नहीं लगी। रविवार सुबह लोगों के आने के बाद इस वारदात का खुलासा हुआ। इस वारदात ने पुलिस की कार्यशौली पर भी सवाल खड़े कर दिए है। वहीं गुल्लू की डेयरी के निकट निवासी सुमेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी कार पास के खाली प्लॉट में खड़ी की थी। सुबह जब वह पहुंचे तो देखा कि बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ दिया था व गाड़ी का टायर चोरी कर उसे ईंटों पर खड़ा कर दिया गया था। इस वारदात से स्थानीय लोगों में भी रोष है। पुलिस को शिकायत देकर स्थानीय लोगों ने इलाके में गश्त बढ़ाने व जल्द आरोपियों को पकड़ने की गुहार लगाई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी भी खंगाल रही है।