किसानों के दिल्ली कूच की आखिरकार घड़ी आ गई है। एक ओर जहां शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा के तमाम बंदोबस्त कर प्रशासन तैयार है। दूसरी ओर किसानों के करीब 500 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का काफिला भी तेजी से बॉर्डर की तरफ बढ़ रहा है। आज किसान बॉर्डर पार करने का प्रयास कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो टकराव की संभावना है। इसके लिए सोमवार को भी पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर शाम के समय मॉकड्रिल की। ऐसे में पहले ही दर्जनों की संख्या में किसान और युवा बॉर्डर पर पहुंच गए। हालांकि अंबाला पुलिस की तरफ से घोषणा की गई थी, लेकिन कोई पीछे नहीं हटा। जैसे ही पुलिस ने आंसू गैस के करीब आधा दर्जन गोले चलाए तो पंजाब की तरफ बॉर्डर पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ के बीच गिरे गोलों के बाद युवा खुद को सुरक्षित करते नजर आए।