छावनी के लोगों को पहले धूल-मिट्टी में खड़े रहते हुए बसों का इंतजार करना पड़ता था। मगर अब हमने बेहतरीन बस क्यू शेल्टर बनाकर दिए हैं, जहां यात्री आराम से इंतजार कर सकते है। हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा, हम लोकल बस सेवा के मार्ग में आने वाले सभी बस स्टॉप पर शेल्टर बनाएंगे। अभी 23 बस क्यू शेल्टर बन रहे हैं, इनमें से कुछ बन चुके हैं और शेष जल्द बनाए जाएंगे। बस क्यू शेल्टर में पंखे, बैठने की व्यवस्था आदि पूरा इंतजाम किया गया है ताकि यात्रियों को पूरी सुविधा मिल सके। विज शनिवार को छावनी सिविल अस्पताल के निकट नवनिर्मित बस क्यू शेल्टर के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। परिवहन मंत्री ने बताया, अंबाला छावनी में पहले 25 साल से लोकल बसें रुकी थी। आज 25 बसें चल रही हैं, इनमें से 15 इलेक्ट्रिक है और कुछ मिनी बसें चल रही हैं। विज ने बताया कि बस क्यू शेल्टर पर टाइम टेबल लगाया गया है और हर बस को यहीं पर रुकने के निर्देश दिए गए हैं। बसों में ट्रैकिंग सिस्टम भी लगा रहे हैं, इससे पता चल सकेगा कि कौन सी बस कहां पर खड़ी है।