अंबाला कैंट की मोहड़ा अनाज मंडी में सूरजमुखी की नियमानुसार खरीद न होने से गुस्साए किसानों ने मंगलवार को अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग यानि जीटी रोड पर अपनी गाड़ियां अड़ाकर चक्का जाम कर दिया। भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के बैनर तले एकजुट हुए किसान नेताओं और किसानों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अचानक लगे जाम के कारण राजमार्ग पर अंबाला की तरफ से आने वाले सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे भीषण गर्मी में राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों का आरोप है कि मंडी में सूरजमुखी की फसल की खरीद नियमानुसार नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार को बारदाना न मिलने के कारण उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा। पुलिस और प्रशासन के फूले हाथ-पांव राजमार्ग पर जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारी लगातार किसान नेताओं को समझाने और जाम खुलवाने की कोशिशों में जुटे रहे, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। किसान नेता गुरमीत सिंह माजरी का कहना है कि जब तक मंडी में सूरजमुखी की सुचारू रूप से और नियमों के तहत खरीद शुरू नहीं होती और बारदाने की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक यह आंदोलन और जाम जारी रहेगा।