पाकिस्तानी के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई कार्रवाई से प्रत्येक देशवासी में उत्साह है। इस उत्साह व जोश को बरकरार रखने और भारत की तीनों सेनाओं द्वारा दिखाए गए पराक्रम को लेकर भाजपा की देशव्यापी तिरंगा यात्रा जारी है। इसी कड़ी में रविवार को अंबाला में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में अंबाला के विधायक और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ काफी संख्या में आम लोगों ने हिस्सा लिया। अंबाला छावनी के राजकीय कॉलेज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा प्रमुख बाजारों व गली-मोहल्लों से निकली और देश प्रेम की भावना जागृत कर गई। बीच रास्ते लोगों ने फूलों की वर्षा करके तिरंगा यात्रा का भारत माता की जयकारों से स्वागत किया और तिरंगे के समक्ष शीश झुकाकर देश के प्रति अपने प्रेम को दर्शाया। वहीं देश भक्ति के गीतों पर लोगों ने देश के प्रति अपने सम्मान और प्यार को जाहिर किया। तिरंगा यात्रा का समापन वापिस कॉलेज प्रांगण में किया गया। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने इस मौके पर बताया कि जिस प्रकार पाकिस्तान को भारतीय सेना ने जवाब दिया है वो तारीफ के काबिल है। पाकिस्तान ने हमारे 26 लोगों को मारा था और इसके बाद भारतीय सेना ने उनके कई लोगों को ढेर किया है। इनमें कई आतंकी भी शामिल हैं। यह सब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से ही संभव हो पाया है।