बब्याल के मेन बाजार के निकट दोपहर के समय गली में खेलते समय 3 वर्षीय मासूम तमन्या पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची का चेहरा नोंच डाला व कान भी कटकर लटक गया। शोर सुनने के बाद पड़ोसी महिला ने कुत्ते से मुंह से बच्ची को छुड़वाया। देखते ही देखते लोगों का जमावड़ा लग गया। डंडों व पत्थरों से कुत्ते को खदेड़ा। बच्ची को उठाकर तुरंत परिजन अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के रेबीज व टेटनेस का टीका लगाने के बाद चंडीगढ़ जीएमसीएच सेक्टर-32 रेफर कर दिया। बच्ची के पिता शिव चरण ने बताया कि वह ऑटो चलता है। दोपहर के समय पत्नी व उसके तीनों बच्चे घर पर थे। पत्नी काम में व्यस्त हो गई थी। इतने में दरवाजा खुला होने के कारण सबसे छोटी बेटी तमन्या बाहर गली में खेलने लग गई। कुत्ता पहले भी गली में आता था तो बच्चे खेलते थे। शुक्रवार को दोपहर को अचानक कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर दिया।