रोहिणी जिला की स्पेशल स्टाफ और रोहिणी नॉर्थ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने विदेश में मौजूद गैंगस्टर हैरी बॉक्सर गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी दिल्ली-एनसीआर के कारोबारियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी व टारगेट किलिंग को अंजाम देने की साजिश कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने नौ एमएम और बेरेटा समेत तीन अत्याधुनिक पिस्टल, 26 कारतूस, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों के फोन से कारोबारियों के रेकी करने के दौरान के फोटोग्राफ मिले हैं।