रोहिणी जिला पुलिस ने अपराधियों और आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन शस्त्र अभियान चलाया। 14 से 15 जुलाई तक चलाए गए अभियान में पुलिस ने 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 19 पिस्टल, 26 कारतूस, 9 चाकू और एक चोरी की बाइक बरामद की। उत्तरी परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह ने बताया कि हथियार लेकर वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों पर कार्रवाई करने के लिए 210 पुलिसकर्मियों वाली 15 टीमों ने 106 जगहों पर छापेमारी की। 101 पार्कों की जांच की गई, 60 गाड़ियों से काली फिल्में हटाई गईं, 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 23 आरोपियों से मुचलका भरवाया गया। उन्होंने बताया कि अभियान का मकसद दिल्ली में संगठित अपराध और आपराधिक गतिविधियों को खत्म करना है। उन्होंने बताया कि रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सतीश कुमार के देखरेख में चलाए गए अभियान में तमाम थानों, ऑपरेशन यूनिट्स इलाके में गश्त बढ़ाई गई, संवेदनशील जगहों पर निगरानी, हिस्ट्री-शीटर, घोषित अपराधियों और जमानत पर रिहा हुए अपराधियों की विशेष जांच और सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान चार सौ हिस्ट्री-शीटरों का सत्यापन किया गया। आठ सक्रिय हिस्ट्री-शीटर और एक भगो़ड़ा को गिरफ्तार किया गया। ऑपरेशन के दौरान हुई 46 गिरफ्तारियों के अलावा, 23 आरोपियों को पाबंद किया गया। रोहिणी जिले ने इस साल अब तक 155 अवैध हथियार और 287 कारतूस बरामद कर चुकी है।