नवादा मेट्रो स्टेशन के पास सड़क और सीवर लाइन की मरम्मत के लिए 21 मई से बंद की गई नवादा से उत्तम नगर जाने वाली सड़क 45 दिन बीत जाने के बाद भी नहीं खोली गई है। इस वजह से इलाके में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिस रास्ते को आम दिनों में कुछ ही मिनटों में तय किया जाता था, अब उसी दूरी को तय करने में करीब एक घंटे तक लग रहा है। सड़क बंद होने के कारण वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है, जिससे वहां भी लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।