राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ''सौश्रुतम् 2026'' का उद्घाटन किया। आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सा पर केंद्रित यह सम्मेलन सुश्रुत जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति ने युवा विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं से आचार्य सुश्रुत के दिखाए मार्ग पर चलते हुए चिकित्सा में नैतिकता और रोगियों के प्रति करुणामय सेवा के संकल्प पर अडिग रहने का आह्वान किया।राष्ट्रपति ने संस्थान में स्थापित एआई-सक्षम तीन टेस्ला हाई-फील्ड एमआरआई मशीन का उद्घाटन किया। साथ ही राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग (एनसीआईएसएम) की उस अध्ययन रिपोर्ट का विमोचन भी किया, जिसमें आयुर्वेद शिक्षा प्राप्त महिलाओं के कॅरिअर और उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों का विश्लेषण किया गया है।