नरेला औद्योगिक क्षेत्र में थप्पड़ मारने का बदला लेने के लिए कर्मचारी से दोस्तों के साथ मिलकर फैक्टरी मालिक की हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। इसमें एक नाबालिग समेत तीन आरोपी हैं, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य हत्यारों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दो चाकू और दो बाइक बरामद की है। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 20 फरवरी की रात नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को राजा हरिशचंद अस्पताल से एक फैक्टरी मालिक पर चाकू से हमला करने के बाद भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने फैक्टरी मालिक गौतम कॉलोनी निवासी 28 साल के रवि सिंह को मृत घोषित कर दिया है। जांच में पता चला कि गौतम कॉलोनी निवासी रवि का चौधरी एंटरप्राइजेज के नाम से जे ब्लॉक में फैक्टरी थी। रात में वह अपनी बाइक से फैक्टरी से घर के लिए निकले थे। इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उनपर चाकू से हमला कर दिया। उनके गर्दन, कंधे और पीठ पर चाकू के कई घाव हो गए। मृतक के बड़े भाई रणवीर सिंह अपनी शिकायत में फैक्टरी के एक कर्मी पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने उनपर निगरानी रखकर 22 फरवरी को होलंबी कलां निवासी ऋतिक, अजय और मेट्रो विहार निवासी नाबालिग को पकड़ लिया।