दिल्ली के लोगों को मानसून के मौसम में भी भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। दिन में जहां कड़ी धूप परेशान कर रही है। वहीं, रात के तापमान में भी अपेक्षित गिरावट नहीं आने के चलते लोगों को बेचैनी और असहजता का अहसास हो रहा है। शनिवार को भी दिनभर आसमान में सूर्यदेव ने अपने तेवर दिखाए। मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद के बीच दिल्लीवासियों को बारिश का इंतजार रहा, लेकिन गर्मी ने लोगों की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके अलावा, कई इलाकों में लू की स्थिति भी बनी रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 38.2 और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा, अधिकतम 74 और न्यूनतम आर्द्रता 46 फीसदी दर्ज की गई।