दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सोमवार सुबह किराये में बढ़ोतरी कर इसे तुंरत प्रभाव से लागू भी कर दिया। मेट्रो की सभी लाइनों पर एक से चार रुपये और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर अधिकतम पांच रुपये तक का बढ़ाया गया है। हालांकि रविवार, राष्ट्रीय अवकाश और ऑफ-पीक समय में यात्रा करने वालों को 10 प्रतिशत की छूट पहले की तरह जारी रहेगी। साल 2002 में शुरू हुई मेट्रो के किराये में उस समय से लेकर अब तक छठी बार संशोधन किया गया है। तब अधिकतम किराया 8 रुपये था, अब यह 64 रुपये हो गया है। शुरुआती दिनों में 0–2 किमी का न्यूनतम किराया मात्र 4 रुपये था, यह अब बढ़कर 11 रुपये हो गया है। दिल्ली मेट्रो को कोरोना काल के दौरान हुए वित्तीय नुकसान और जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआइसीए) से लिए गए कर्ज की अदायगी के लिए किराये में बढ़ोतरी का कारण बताया जा रहा है।