राजधानी में डेंगू ने रफ्तार पकड़ ली है। मच्छरजनित बीमारियों की साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार गत सप्ताह डेंगू के 58 नए मामले सामने आए। यह पहला मौका है जब इस साल किसी एक सप्ताह के दौरान 50 से अधिक मरीज मिले हैं। इन मामलों के साथ ही दिल्ली में डेंगू के मरीजों की संख्या ने 400 का आंकड़ा पार कर दिया है। इस वर्ष के मामलों की संख्या 412 पहुंच चुकी है। मच्छरजनित रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त महीने में हालात ज्यादा चिंताजनक हैं। केवल इसी महीने में अब तक 121 मरीज डेंगू से पीड़ित हो चुके हैं। यह इस वर्ष का पहला महीना है जिसमें मरीजों की संख्या सौ से ऊपर गई है। इसी अवधि में मलेरिया के मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले सप्ताह 26 नए मरीज सामने आए, जिसके बाद इस साल मलेरिया के कुल मरीजों की संख्या लगभग 200 के आसपास पहुंच गई है।