दिल्ली में ब्लड रिलेशन (रक्त संबंधियों) के बीच संपत्ति हस्तांतरण पर लगने वाली स्टैम्प ड्यूटी समाप्त करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। चांदनी चौक के कूचा महाजनी ऑल बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंघल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र भेजकर इस व्यवस्था में बदलाव की मांग की है। साथ ही, उन्होंने दिल्ली की विभिन्न आवासीय सोसायटियों, बार एसोसिएशनों और व्यापारिक व औद्योगिक संगठनों से भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस जनहित के मुद्दे का समर्थन करने की अपील की है। ज्ञापन में कहा गया है कि हरियाणा में ब्लड रिलेशन के बीच गिफ्ट डीड पर कोई स्टैम्प ड्यूटी नहीं ली जाती, जबकि उत्तर प्रदेश में केवल 5,000 रुपये की नाममात्र स्टैम्प ड्यूटी है। दूसरी ओर, दिल्ली में पूरी स्टैम्प ड्यूटी देनी पड़ती है, जिससे लोगों पर लाखों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। पत्र में तर्क दिया गया है कि संपत्ति हस्तांतरण के लिए गिफ्ट डीड और वसीयत ही प्रमुख विकल्प हैं। वसीयत पर अक्सर लंबे समय तक कानूनी विवाद और प्रोबेट की प्रक्रिया चलती है, जबकि गिफ्ट डीड के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवनकाल में ही संपत्ति का स्पष्ट और विवाद-मुक्त हस्तांतरण कर सकता है। इसलिए ब्लड रिलेशन में गिफ्ट डीड पर स्टैम्प ड्यूटी समाप्त करने से लाखों परिवारों को राहत मिलेगी, संपत्ति विवाद कम होंगे और अदालतों पर भी मुकदमों का बोझ घटेगा।