कोरोना महामारी के कारण लंबे समय से बंद रहे राजधानी के सभी स्कूल कॉलेज अब खुल रहे हैं। नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं तो 7 फरवरी से ही खुल गई थी लेकिन अब 14 फरवरी से नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाओं के स्कूल भी खोल दिए जाएंगे। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी स्कूल कॉलेज को निर्देश दिए गए हैं कि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इसके अलावा स्कूलों में मैसेज और ईमेल के माध्यम से भी अभिभावकों को सहमति पत्र भेजे हैं। स्कूल खोलने के निर्देश तो है लेकिन स्कूल में किसी भी तरह का आयोजन नहीं किया जाएगा जैसे प्रार्थना सभा भी अलग-अलग कराई जाएगी। लंच का समय भी अलग रखा जाएगा। खेल आदि का आयोजन नहीं होगा और स्कूल प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि बच्चे एक जगह पर एकत्र ना हो। इधर नर्सरी से तीसरी तक की कक्षाओं के बच्चों के अभिभावक चिंतित हैं और बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं हालांकि सहमति पत्र पर अभिभावकों के हस्ताक्षर के बाद ही स्कूल प्रशासन बच्चों को स्कूल आने की अनुमति देंगे।