बाहरी जिला पुलिस ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक द्रव्य की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक तस्कर और दूसरा सप्लायर है। इनके कब्जे से पुलिस ने करीब तीन सौ ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि जिले की स्पेशल टास्क फोर्स नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की पहचान करने में जुटी थी। 20 फरवरी को पुलिस को एक तस्कर के बारे में जानकारी मिली। निरीक्षक राजपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर राजपार्क इलाके में गश्त बढ़ाई। पुलिस ने इलाके से एक संदिग्ध को पकड़ा। उसकी पहचान मानव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 268 ग्राम स्मैक मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मानव ने बताया कि उसने इस खेप को एक सप्लायर हरीश चंदर से खरीदी थी। पूछताछ में उसने पुलिस को सप्लायर के ठिकाने के बारे में बताया। 22 को पुलिस ने संगम विहार इलाके में दबिश देकर हरीश चंदर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 31 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस सप्लायर से पूछताछ कर उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मानव पर पहले से मादक द्रव्य अधिनियम के मामले दर्ज हैं। 24 साल का मानव बुध विहार का रहने वाला है।