एम्स में अगले हफ्ते मंगलवार से डॉक्टर शीतकालीन अवकाश पर जा रहे हैं। जिसके चलते मरीजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि एम्स ने सभी केंद्र और विभाग प्रमुखों को शीतकालीन अवकाश की अवधि के दौरान 50 फीसदी संकाय सदस्यों के ड्यूटी पर उपलब्ध रहने के निर्देश दिए है। जिससे विभाग के कामकाज में कोई बाधा पैदा न हो। एम्स फैकल्टी सदस्यों के अवकाश पर जाने के संबंध में ज्ञापन भी जारी किया गया है। एम्स में अलग-अलग दो सत्रों में 50 फीसदी डॉक्टर अवकाश पर जाएंगे। पहले सत्र में 23 दिसंबर से लेकर 31 दिसंबर तक और दूसरे सत्र में दो जनवरी से लेकर दस जनवरी तक डॉक्टर अवकाश पर रहेंगे। एम्स ने अवकाश पर जाने 63 विभाग और केंद्रों के डॉक्टरों की सूची भी जारी की है। जिसमें अवकाश पर जाने वाले डॉक्टरों का ब्यौरा दिया गया है। एक सत्र में करीब 300 से अधिक डॉक्टर अवकाश पर जा रहे हैं। एम्स ने सभी संकाय सदस्यों से अनुरोध किया है कि वह शीतकालीन अवकाश पर जाने से पहले अपना प्रस्थान विवरण, संपर्क पता और टेलीफोन नंबर जरूर दें।