नूंह जिले के अड़बर गांव में 4 से 6 अप्रैल तक चले विशाल इस्लामिक तबलीगी जलसे का सोमवार को शांतिपूर्ण समापन हो गया। समापन अवसर पर प्रसिद्ध धर्मगुरु मौलाना साद ने लाखों लोगों के साथ अमन, शांति और देश की खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ कराई। अपनी तकरीर में उन्होंने लोगों को आपसी भाईचारे, इंसानियत और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को ऐसा आचरण करना चाहिए जिससे समाज में प्रेम और देश की छवि मजबूत हो। दुआ समाप्त होते ही देश-विदेश से आए लाखों लोग अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होने लगे, जिसके चलते पूरे नूंह जिले में अभूतपूर्व भीड़ और यातायात दबाव देखने को मिला।