प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आज जिला नूंह में सेवा पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ हुआ। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में चलाए जाने वाले इस सेवा पखवाड़ा की शुरुआत बुधवार को खंड नूंह के गांव बीवां स्थित राजकीय मिडल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम से की गई। इस कार्यक्रम में जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक, नगर परिषद नूंह के चेयरमैन संजय मनोचा व भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस सेवा पखवाड़ा अभियान के शुभारंभ अवसर पर गांव बीवां में सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें सभी लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा स्कूली बच्चों ने स्वच्छता व साफ-सफाई के संदेशों के साथ जागरुकता रैली निकाली और ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, घरों के कूड़े का सही निपटान करने के प्रति जागरूक किया। साथ ही स्कूल में पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें सभी अतिथियों ने स्कूल के प्रांगण में पौधे लगाए तथा इन पौधों को संरक्षित रखने का संदेश दिया।