लंबे समय से अतिक्रमण की मार झेल रहे नूंह शहर की सुध लेते हुए नगर परिषद प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। दिनभर में शहर की पुरानी सब्जी मंडी से लेकर तावडू बाईपास, पुराने दिल्ली-अलवर रोड, नए बस अड्डे से लेकर पुराने बस अड्डा, एनएच-248 ए तक करीब सौ छोटे से लेकर बड़े अतिक्रमण ढहाए गए। नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी सलूजा, सचिव मुकेश, नूंह शहर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह की देखरेख और एसडीएम नूंह अंकिता पुवार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान की जहां शहरवासियों ने प्रशंसा की। वहीं ऐसे अभियान लगातार चलाते रहने की भी मांग की। एडवोकेट कीर्ति सोनी, गोपाल पंड़ित, प्रवीण शर्मा, शमीम अहमद, रतीराम, केशव आदि ने कहा कि शहर में अतिक्रमण के कारण लोगों को दोपहिया वाहन लेकर चलने में भी भारी परेशानी होती है। हर दुकानदार रोजाना थोड़ा-थोड़ा करके अतिक्रमण कर रहा है। वहीं नूंह नगर परिषद के सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि शहर में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लगातार यह अभियान जारी रहेगा। जो अतिक्रमणकारी दूसरी बार में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ जुर्माना व अन्य जरुरी कार्रवाई भी अमल में लाई।